
पिथौरागढ़ 25 अक्टूबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 284 करोड़ रुपये से अधिक की 67 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की लागत के 33 कार्यों का लोकार्पण और 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने जिले के विकास से जुड़ी नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
कार्यक्रम में उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी। सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद क्षेत्र में पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आकर्षण बढ़ा है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। इससे होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वहीं पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क और पुल के निर्माण से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी और हाट कालिका मंदिर तक पहुंच आसान होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून के लिए हवाई संपर्क को बढ़ावा दिया जा रहा है। नैनीसैनी हवाई अड्डे के विकास के लिए करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है, जबकि प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी समेत विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण, कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क के सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स, डीडीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय और मवानी अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की गई है।
इसके अलावा मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना, ज्याला मंदिर-छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग, चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण तथा चंडाक-छेड़ा दिगतोली सड़क के सुधारीकरण एवं चौड़ीकरण की भी घोषणा की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जनसमूह के साथ सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, महापौर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी व हेमराज बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।







