
बनबसा पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
चम्पावत। बनबसा पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2,770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को सीज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 23 अक्टूबर को बनबसा पुलिस टीम धनुषपुल चौकी के पूर्वी छोर पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खटीमा की ओर से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक के पास मौजूद लाल-सफेद बैग से 1,680 कैप्सूल, 790 प्रेगाबालिन कैप्सूल और 300 टैपेंटाडोल की गोलियां बरामद हुईं। इसके अलावा चार हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी मिला।
औषधि निरीक्षक चम्पावत हर्षिता ने मौके पर बरामद दवाओं की तकनीकी जांच की। पुलिस के मुताबिक जांच में कुछ दवाओं में ट्रामाडोल आदि नियंत्रित श्रेणी के पदार्थ पाए गए, जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह (35), निवासी महोलिया, थाना बहेड़ी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुद को डी. फार्मा धारक बताते हुए कुमाऊं क्षेत्र में दवाइयों की आड़ में नशीली दवाओं की आपूर्ति करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने दवाइयां पीलीभीत निवासी डिस्ट्रीब्यूटर मोहम्मद कामरान से खरीदने की जानकारी दी है। पुलिस अब खरीद-फरोख्त और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
बनबसा थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 8/22/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष विनय मित्तल, उप निरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, अपर उप निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल पंकज सजवान और औषधि निरीक्षक हर्षिता शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से नशीले पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस अथवा 1933 पर देने की अपील की है।





