

देहरादून 21 अक्टूबर । अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (आईवीएफ) उत्तराखंड की ओर से 25 अक्टूबर को जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म हाउस में भव्य दीपावली महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, डांडिया उत्सव और दीपावली मेले का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का उद्देश्य वैश्य समाज को एकजुट करने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम शाम पांच बजे दीप प्रज्वलन के साथ शुरू होगा।
महोत्सव में देशभक्ति और लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सामूहिक महालक्ष्मी आरती और डांडिया नृत्य मुख्य आकर्षण होंगे। इसके लिए जाने-माने कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जो डांडिया की प्रस्तुति देने के साथ ही लोगों को डांडिया नृत्य भी सिखाएंगे। आगंतुकों के लिए लकी ड्रॉ और आकर्षक उपहारों की भी व्यवस्था की गई है।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि यह सपरिवार आयोजित होने वाला कार्यक्रम है, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री रमेश गोयल, प्रदेश युवा अध्यक्ष सचिन गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विशाल गुप्ता, प्रदेश महिला अध्यक्ष नीता गर्ग, महानगर अध्यक्ष निकुंज गुप्ता, प्रान्तीय कार्यकारी अध्यक्ष ऋतु गोयल,वैशाली बंसल, आनंद गर्ग, उपेंद्र अग्रवाल, डी सी गोयल, हरीश मित्तल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने समाज के लोगों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।









