
देहरादून 21 अक्टूबर ।अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त के निर्देशन में बुधवार को आबकारी विभाग की टीम ने डोईवाला थाना क्षेत्र के नकरौंदा स्थित एक होटल/होमस्टे में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी देहरादून केपी सिंह के निर्देशन में आबकारी विभाग अपराध निरोधक क्षेत्र-3 ऋषिकेश की टीम, सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट तथा आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन दल देहरादून जयवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर नकरौंदा स्थित पंवार होटल/होमस्टे में दबिश दी।
तलाशी के दौरान टीम ने 12 क्वार्टर ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की, 10 क्वार्टर रॉयल स्टैग व्हिस्की, 23 क्वार्टर इंपीरियल ब्लू व्हिस्की, 11 हाफ इंपीरियल ब्लू व्हिस्की, एक बोतल इंपीरियल ब्लू व्हिस्की, पांच क्वार्टर मैकडॉवेल्स व्हिस्की, 90 पाउच माल्टा देशी शराब और 31 कैन बीयर बरामद की।
आबकारी विभाग की टीम ने मौके से रिंकू सरोज पुत्र निहत सरोज को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विभाग की ओर से अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।








