सरस फूड फेस्टिवल में दिखेगा देशभर की महिलाओं के हुनर और स्वाद का संगम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून के रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक होगा आयोजन, उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को मिले स्टॉल

देहरादून 3 अक्टूबर । रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सरस फूड फेस्टिवल-2026 में देशभर की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के हुनर, स्वाद और स्थानीय उत्पादों का संगम देखने को मिलेगा। फेस्टिवल में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आने वाली स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने पारंपरिक खाद्य उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा और अन्य स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री करेंगी।

सरस फूड फेस्टिवल की नोडल अधिकारी अनीता पंवार ने बताया कि फेस्टिवल में प्रतिभाग करने वाले स्वयं सहायता समूहों को खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, हथकरघा और प्रत्यक्ष खाद्य बिक्री के लिए अलग-अलग स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इन स्टॉल के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और ग्राहकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को फेस्टिवल में विभिन्न श्रेणियों के स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इनमें देहरादून जिले के 30 से अधिक स्वयं सहायता समूह भी शामिल हैं। इन समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और अन्य तैयार उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगी।

फेस्टिवल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बाजार उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों की पहचान बढ़ाना और स्वरोजगार को मजबूत करना है। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक खान-पान और हस्तशिल्प संस्कृति को एक मंच पर लाकर लोगों को विविध स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों से परिचित कराना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

Leave a Comment

और पढ़ें