
देहरादून17 सितंबर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के दीपलोक स्थित श्रीराम मंदिर में गणपति उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर और कैंट विधायक सविता कपूर ने भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर अभिनव थापर ने कहा कि गणपति उत्सव श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का पर्व है। उन्होंने भगवान गणेश से क्षेत्रवासियों और सभी परिवारों के सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद भी किया।
थापर ने क्षेत्रवासियों को आगामी शारदीय नवरात्र के अवसर पर 11 से 21 अक्टूबर तक रेसकोर्स स्थित श्री गुरु नानक मैदान में आयोजित होने वाली रामलीला में सपरिवार शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि रामलीला धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें सभी की सहभागिता आयोजन को और विशेष बनाएगी।
विधायक सविता कपूर ने भी क्षेत्रवासियों को गणपति उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान अभिनव थापर ने मंदिर समिति के सदस्यों के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
इस दौरान श्रीराम मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सुशील बग्गा, अनिल बांगा, जे.एस. चुग, सुरेंद्र गांधी, सुनील शर्मा, तरुण सक्सेना, सुनील गोयल और आर.के. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।









