अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए की कार्रवाई, दो जगह ध्वस्तीकरण और तीन निर्माण सील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 16 सितंबर। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने डोईवाला क्षेत्र में दो स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त की, जबकि ऋषिकेश के विस्थापित क्षेत्र में तीन अवैध निर्माण सील किए गए।

एमडीडीए के अनुसार पहली कार्रवाई डोईवाला तहसील के शेरगढ़ माजरीग्रांट क्षेत्र में की गई। यहां अवतार सिंह और प्रमोद पाल की ओर से करीब 10 से 15 बीघा भूमि में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को टीम ने ध्वस्त कर दिया। इसके बाद फतेहपुर माजरीग्रांट क्षेत्र में मुकेश सकलानी की ओर से करीब 10 बीघा भूमि में की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग को ध्वस्त किया।

वहीं ऋषिकेश के आमबाग गली नंबर-दो स्थित विस्थापित क्षेत्र में तीन अवैध निर्माणों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई। यहां अमित भाटिया, राणा जी और पंकज सेठ की ओर से किए जा रहे अवैध निर्माणों को एमडीडीए की टीम ने सील कर दिया।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। अवैध प्लॉटिंग के माध्यम से लोगों को गुमराह करने और बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भूखंड खरीदने से पहले भूमि के भू-उपयोग और प्राधिकरण की स्वीकृति की जांच करने की अपील की।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीलिंग, ध्वस्तीकरण समेत अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भवन निर्माण या भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच करने को कहा।

Leave a Comment

और पढ़ें