
युवा संकल्प दिवस पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से लिए तीन संकल्प, नशे से दूर रहने और प्रदेश के विकास में योगदान का किया आह्वान
देहरादून 16 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित युवा संकल्प दिवस कार्यक्रम में युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करने, नशे से दूर रहने और सफलता के बाद उत्तराखंड के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस को युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाए जाने पर प्रदेश के युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि जन्मदिन पर युवा शक्ति के बीच उपस्थित होना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की आंखों में उन्हें भविष्य का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आज की युवा पीढ़ी ही भविष्य में देश और प्रदेश के विकास का नेतृत्व करेगी। विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए मजबूरी में गांव और प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। युवा रोजगार तलाशने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, स्वचालन और डिजिटल तकनीक रोजगार तथा उद्योग के स्वरूप में तेजी से बदलाव ला रही हैं। इसी के अनुरूप युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने तथा नशे, साइबर अपराध और सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने में भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड की पहचान खेलभूमि के रूप में भी मजबूत हुई है। सरकार खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं के विकास और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से तकनीक और मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए भी किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर उपलब्ध आधी-अधूरी और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहते हुए किसी भी जानकारी को तथ्यों की कसौटी पर परखना जरूरी है।
नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा शरीर को कमजोर करने के साथ व्यक्ति के सपनों और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे बचाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस पर युवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया। पहला, जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करना; दूसरा, स्वयं नशे से दूर रहना और दूसरों को भी इससे दूर रखना; और तीसरा, जीवन में सफलता प्राप्त करने के बाद अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ अंश उत्तराखंड के विकास के लिए समर्पित करना। उन्होंने युवाओं से अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने की भी अपील की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास और गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।










