डाक विभाग 21 सितंबर को लगाएगा मासिक डाक अदालत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 14 सितंबर। डाक विभाग उत्तराखंड परिमंडल की ओर से ग्राहकों की डाक संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए 21 सितंबर को मासिक डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा। डाक अदालत उत्तराखंड परिमंडल के देहरादून स्थित कार्यालय में शाम चार बजे आयोजित होगी।

डाक विभाग के अनुसार डाक सेवाओं से संबंधित शिकायतें स्पष्ट और पूर्ण तथ्यों के साथ 21 सितंबर तक निर्धारित अधिकारी के पते पर भेजी जा सकती हैं। विशेष रूप से रजिस्ट्री, पार्सल, वीपी, मनीऑर्डर और बचत बैंक से संबंधित शिकायतों को डाक अदालत में सुनवाई के लिए प्रस्तुत किया जा सकता है। प्रत्येक शिकायत के लिए अलग-अलग शिकायती पत्र देना होगा। पत्र के ऊपर स्पष्ट अक्षरों में ‘डाक अदालत हेतु शिकायत’ लिखना अनिवार्य होगा।
डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय द्वारा निर्णयित मामलों, उपभोक्ता फोरम में विचाराधीन मामलों, डाक महानिदेशालय द्वारा निस्तारित मामलों तथा पूर्व में डाक अदालत में प्रस्तुत किए जा चुके मामलों को सुनवाई के लिए स्वीकार नहीं किया जाएगा। अस्पष्ट शिकायतों पर भी विचार नहीं किया जाएगा।
शिकायतें एसपीएस बिष्ट, सहायक निदेशक (परिवाद), कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तराखंड परिमंडल, देहरादून-248001 के पते पर भेजी जा सकती हैं। ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजने के लिए asppgcoddn@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने ग्राहकों से अपील की है कि शिकायत भेजते समय उससे संबंधित सभी आवश्यक तथ्य और दस्तावेज स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि मामले का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें