चंपावत में नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधि भाजपा में शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 14 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन जिले चंपावत से नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सभी नए सदस्यों का फूलमाला और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि एक ही क्षेत्र से बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना प्रदेश में पार्टी के पक्ष में बन रहे माहौल का संकेत है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और विशेषकर युवाओं का भाजपा की विचारधारा और नीतियों में विश्वास जताना पार्टी के प्रति बढ़ती विश्वसनीयता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में शामिल होने की बढ़ती रफ्तार अब विभिन्न समाचार संस्थानों के सर्वे में भी दिखाई देने लगी है।
भट्ट ने कहा कि पिछले 12-14 वर्षों में प्रदेश और देश में विकास की गति तेज हुई है। दूरदराज के गांवों तक सड़क पहुंची है और बिजली समेत बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। क्षेत्र के विकास की अपेक्षा रखने वाले जनप्रतिनिधि भी स्वाभाविक रूप से विकास के साथ खड़ा होना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि चंपावत के लोगों ने पुष्कर सिंह धामी जैसा नेतृत्व प्रदेश को दिया है। यह नेतृत्व आगे चलकर देश का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल है और कार्यकर्ताओं व नए सदस्यों के योगदान से पार्टी दो-तिहाई बहुमत की दिशा में आगे बढ़ेगी।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों को भाजपा के सिद्धांतों, विचारधारा और संगठन की कार्यपद्धति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी लोगों के सम्मान की चिंता करना संगठन का दायित्व है। उनकी क्षमता, उपलब्धता और परिस्थितियों के अनुसार उन्हें संगठनात्मक एवं चुनावी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
चंपावत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की प्रेरणा से भाजपा में शामिल होने वालों में नगर पंचायत पाटी के अध्यक्ष नारायण लाल, प्राथमिक शिक्षक संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा, जौलाड़ी वार्ड के सभासद बलराज पाटनी, न्यू कॉलोनी वार्ड के सभासद नवल पचौली, रानीचौड़ के सभासद दीपक गहतोड़ी समेत विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
इसके अलावा ग्राम प्रधान कजीना भगवती प्रसाद जोशी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष लोहाघाट ललित सिंह पाटनी, पूर्व ग्राम प्रधान बिगराकोट प्रकाश चंद्र शर्मा, पूर्व यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पाटी संजय सिंह पाटनी, छात्र नेता दीपक सिंह और तनुज सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य राईकोट कुंवर डूंगर सिंह पार्थोली, लोहाघाट नगर पालिका के सभासद योगेश जोशी, ग्राम प्रधान कायल मोहन सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य राईकोट कुंवर अंकित सिंह कुंवर सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य भी भाजपा में शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें