दूसरी युवती से सगाई पर प्रेमिका ने रची हत्या की साजिश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 12 सितंबर ।बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग का पटेलनगर पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पूर्व प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, करीब पांच साल से प्रेम संबंध में रहे सत्यम ने दूसरी युवती से सगाई कर ली और धीरे-धीरे पूर्व प्रेमिका से संपर्क तोड़ दिया। इससे नाराज प्रेमिका मालिया रहमान ने उसकी हत्या की साजिश रची और लक्सर के बदमाश अंकित चौहान को पांच लाख रुपये की सुपारी दे दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सुपारी लेकर सत्यम पर गोली चलाने वाला अंकित चौहान पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल अंकुर अभी फरार है।

आठ सितंबर को सत्यम कुमार अपनी फुफेरी बहन साक्षी चौहान के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया और सत्यम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। साक्षी की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू हुई। 11 सितंबर को पुलिस को दोनों हमलावरों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली। गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो वे भाग निकले। पीछा करने पर दोनों चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान लक्सर निवासी 25 वर्षीय अंकित चौहान के रूप में हुई। उसके पास से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखे और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में अंकित ने पुलिस को बताया कि रानीपुर निवासी मोहित के माध्यम से उसकी मुलाकात मालिया रहमान से हुई थी। मालिया ने सत्यम की हत्या के लिए पांच लाख रुपये देने की बात कही थी। सौदा तय होने के बाद उसे एक लाख 20 हजार रुपये अग्रिम दिए गए और बाकी रकम हत्या के बाद देने का वादा किया गया। मालिया ने उसे सत्यम की फोटो और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी दी थी। इसके बाद अंकित अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा और आठ सितंबर को बड़ोवाला में सत्यम पर गोली चला दी।

जांच में सामने आया कि मालिया और सत्यम वर्ष 2020 से एक-दूसरे के संपर्क में थे। मालिया उस समय हरिद्वार के उज्जीवन बैंक में काम करती थी और सत्यम भी उसी बैंक में कार्यरत था। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में मालिया ने सहारनपुर निवासी युवक से निकाह कर लिया, लेकिन सत्यम से उसका संपर्क बना रहा। पुलिस के अनुसार, बाद में उसका विवाह टूट गया और वह मायके में रहने लगी। वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून स्थित उज्जीवन बैंक की शाखा में आ गया। मालिया का कहना था कि सत्यम कई वर्षों तक उसे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन फरवरी 2026 में उसने दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से दूरी बनाते हुए उसे फोन और सामाजिक माध्यमों पर भी ब्लॉक कर दिया। इससे आहत मालिया ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
घटना के बाद मालिया को सत्यम के घायल होने की जानकारी मिली। उसने मोहित के माध्यम से अंकित से संपर्क किया और बची हुई रकम देने के लिए मोहित के साथ देहरादून पहुंची। पुलिस ने दोनों को देर रात आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब फरार आरोपी अंकुर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों में मालिया रहमान निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार और मोहित निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अंकित के खिलाफ लक्सर कोतवाली में चोरी और शस्त्र अधिनियम समेत पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें