content/uploads/2026/09/IMG-20260912-WA0186-150×150.jpg” alt=”” width=”150″ height=”150″ class=”alignnone size-thumbnail wp-image-27905″ />
बिजनौर 11 सितंबर। बिजनौर अब अनिवार्य हॉलमार्किंग वाले जिलों में शामिल हो गया है। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से शुक्रवार को ऋद्धि रॉयल कैसल में ज्वैलर्स के लिए हॉलमार्किंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 80 ज्वैलर्स और उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सर्राफा एसोसिएशन बिजनौर के विष्णु गोपाल अग्रवाल और अखिल अग्रवाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
बीआईएस देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत बी. आडे और हॉलमार्किंग अधिकारी सचिन चौधरी ने ज्वैलर्स को हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए गए नए प्रावधानों, एचयूआईडी और उपभोक्ता हितों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अनिवार्य हॉलमार्किंग लागू होने के बाद सभी संबंधित ज्वैलर्स को तत्काल बीआईएस ज्वैलर पंजीकरण कराना चाहिए।
अधिकारियों के अनुसार बीआईएस ज्वैलर पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क है और इसकी वैधता आजीवन रहती है। इसकी प्रक्रिया भी करीब दो मिनट में पूरी की जा सकती है। ज्वैलर्स की सुविधा के लिए बीआईएस की ओर से बिजनौर में विशेष पंजीकरण शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर में अधिकारी और कर्मचारी मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने में सहायता करेंगे।
बीआईएस केयर ऐप पर मिलेगी आभूषण की फोटो और वजन
बीआईएस देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत बी. आडे ने बताया कि बीआईएस केयर ऐप में अब हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण की फोटो और वजन की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उपभोक्ता खरीदे गए आभूषण की जानकारी का सत्यापन कर सकेंगे। इससे आभूषणों की खरीद में पारदर्शिता बढ़ने के साथ उपभोक्ताओं का भरोसा भी मजबूत होगा।
चांदी के आभूषणों पर भी छह अंकों की एचयूआईडी
हॉलमार्किंग अधिकारी सचिन चौधरी ने बताया कि हॉलमार्क वाले चांदी के आभूषणों के लिए भी छह अंकों की एचयूआईडी व्यवस्था लागू की गई है। उपभोक्ता बीआईएस केयर ऐप के माध्यम से एचयूआईडी की प्रामाणिकता की जांच कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि एचयूआईडी युक्त हॉलमार्क चांदी के आभूषणों के लिए न्यूनतम 800 पीपीटी शुद्धता निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में ज्वैलर्स को हॉलमार्किंग की नवीनतम व्यवस्था और बीआईएस केयर ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ज्वैलर्स से बीआईएस मानकों और हॉलमार्किंग संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को प्रमाणित और हॉलमार्कयुक्त आभूषण खरीदने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।









