तकनीकी शिक्षा विभाग को मिले नौ कर्मशाला अधीक्षक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 11 सितंबर। प्राविधिक शिक्षा विभाग को नौ नए कर्मशाला अधीक्षक मिल गए हैं। राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को शुक्रवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों को बधाई देते हुए उनसे विभागीय दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने की अपेक्षा की।

नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों में शिवानी पोखरियाल, नीलू, शिखा वर्मा, नवजोत, रवि जोशी, अरुण तोमर, नीरज कुमार डंडरियाल, अभिषेक सिंह नेगी और नीलमणि शामिल हैं। सभी को प्रदेश के विभिन्न राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में तैनाती दी गई है।

डॉ. रावत ने कहा कि राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में कर्मशाला अधीक्षकों की नियुक्ति से विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों की कार्यशालाओं का संचालन बेहतर ढंग से हो सकेगा। इससे छात्र-छात्राओं को बेहतर प्रयोगात्मक प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही उनके तकनीकी कौशल, इंजीनियरिंग की समझ और वास्तविक समस्याओं के समाधान की क्षमता भी विकसित होगी।

उन्होंने नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ निभाएं तथा विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

इस अवसर पर उप सचिव तकनीकी शिक्षा ब्योमकेश दुबे, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, सचिव यूबीटीआर मुकेश पांडे, संयुक्त निदेशक देवेंद्र गिरी, उप सचिव आईआरडीटी अभिषेक सिंह, सहायक सचिव आईआरडीटी सचिन कुमार, सहायक निदेशक प्राविधिक शिक्षा सचिन भारती सहित विभागीय अधिकारी, नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षक और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें