
500 से अधिक चैंबर होंगे प्रस्तावित, डीएम ने फायर सेफ्टी और आपातकालीन निकासी व्यवस्था पर दिया जोर
देहरादून, 11 सितंबर। देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को जल्द अपना प्रोफेशनल ऑफिस भवन मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित भवन के डिजाइन और निर्माण योजना को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान भवन के सर्वे प्लान, क्षेत्रफल, स्थल योजना, पार्किंग, प्रवेश और निकासी व्यवस्था समेत विभिन्न तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई।
बैठक में एमडीडीए की वरिष्ठ वास्तुकार दृष्टि जैन ने प्रस्तावित भवन की डिजाइन और निर्माण योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के लिए 8,881.28 वर्ग मीटर भूमि का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। प्रस्तावित भवन में भूतल के अलावा सात मंजिलों का निर्माण किया जाएगा। इसमें अधिवक्ताओं के लिए 10×10 आकार के 500 से अधिक चैंबर बनाए जाने प्रस्तावित हैं।
भवन की योजना में अधिवक्ताओं के साथ आमजन की सुविधा को भी ध्यान में रखा गया है। इसके तहत पर्याप्त पार्किंग, प्रवेश और निकासी की व्यवस्था के साथ अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रस्तावित की गई हैं। भवन की उपयोगिता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न तकनीकी प्रावधानों को भी डिजाइन में शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन के अंतिम डिजाइन में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास और लिफ्ट प्रणाली का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि भवन में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के साथ आमजन का भी आवागमन होगा, इसलिए सुरक्षा और सुगम आवागमन की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने भवन निर्माण का अंतिम प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में एमडीडीए के अधिशासी अभियंता एसएस रावत, वरिष्ठ वास्तुकार दृष्टि जैन, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट, वरिष्ठ अधिवक्ता आरएस रावत, प्रेम चंद्र शर्मा, अनुराग गुप्ता और धर्मवीर नेगी मौजूद रहे।









