
ऋषिकेश, 10 सितंबर। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक में खाताधारकों से जमा कराने के लिए ली गई लाखों रुपये की धनराशि बैंक में जमा न कर गबन करने के मामले में दून पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करता था।
पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, लक्ष्मणझूला रोड, ऋषिकेश के सचिव एवं महाप्रबंधक एसएस राणा ने 24 मई 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि बैंक के दैनिक जमा अभिकर्ता दीपक बढ़ई ने विभिन्न तिथियों में खाताधारकों से बैंक में जमा कराने के लिए कुल 12 लाख 31 हजार 458 रुपये लिए, लेकिन उक्त धनराशि बैंक में जमा नहीं की।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम को साक्ष्य जुटाकर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी गोपेश्वर मंदिर मार्ग, गली नंबर 11/7, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, उम्र 29 वर्ष को नौ सितंबर को उदयबाग, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनेश कुमार, कांस्टेबल अभिषेक और कांस्टेबल तेज सिंह शामिल रहे।









