युवा शक्ति के सामर्थ्य से बनेगा विकसित उत्तराखंड : धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नितिन नवीन बोले- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए खुले नए अवसर

हल्द्वानी 10 सितंबर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। युवाओं ने दोनों नेताओं से प्रदेश और देश के विकास से जुड़े सवाल पूछे और सरकार की योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा और नए अवसर मिल रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच दिया है। आज युवा केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवाचार, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं। उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं। उनकी ऊर्जा को प्रदेश के विकास से जोड़कर राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन और कौशल विकास के अवसर बढ़ाना जरूरी है।

नितिन नवीन ने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। युवाओं को राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी आगे आना चाहिए। उन्होंने सफलता के लिए समय प्रबंधन और समय के सदुपयोग को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। तकनीक और नवाचार के बढ़ते उपयोग से युवाओं के लिए संभावनाओं के नए रास्ते खुले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद सरकार ने इस संकल्प के साथ काम किया कि “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं।”

उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। नकल माफिया को जेल भेजकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित न रखते हुए स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में भी उत्तराखंड तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। राज्य में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए खेल महाविद्यालय की दिशा में काम आगे बढ़ा है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा का प्रमाण है।

धामी ने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए निवेशक सम्मेलन का आयोजन किया गया है तथा पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार पर भी काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा दी जा रही है। उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट समेत अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें