
मुंबई 8 सितंबर। बंधन बैंक ने मास्टरकार्ड के सहयोग से अपने क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो की शुरुआत करते हुए चार नए कार्ड वैरिएंट्स लॉन्च किए हैं। बैंक ने अलग-अलग ग्राहक वर्गों की जरूरतों और खर्च करने की आदतों को ध्यान में रखते हुए स्पार्क्स, इग्नाइट, फ्लेयर और ल्यूमिना नाम से चार क्रेडिट कार्ड पेश किए हैं।
नए कार्डों का अनावरण बंधन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता, मास्टरकार्ड के भारत एवं दक्षिण एशिया अध्यक्ष गौतम अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य व्यवसाय अधिकारी राजिंदर कुमार बब्बर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया।
बैंक के अनुसार, नया क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें रिवॉर्ड, यात्रा, खानपान, मनोरंजन और प्रीमियम लाइफस्टाइल से जुड़े कई लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्पार्क्स कार्ड में किराना और परिधान पर खर्च के लिए विशेष रिवॉर्ड, वेलकम बोनस, घरेलू हवाई अड्डों के लाउंज की सुविधा, मनोरंजन ऑफर, ईंधन अधिभार में छूट और किस्तों पर कैशबैक जैसे लाभ मिलेंगे।
इग्नाइट कार्ड में किराना और यात्रा खर्च पर विशेष रिवॉर्ड, वेलकम और माइलस्टोन रिवॉर्ड के साथ घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के लाउंज और खानपान से जुड़े लाभ उपलब्ध होंगे।
फ्लेयर कार्ड को यात्रा केंद्रित ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है। इसमें वेलकम बेनिफिट के रूप में वाउचर, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय लाउंज की सुविधा, मनोरंजन और खानपान ऑफर के साथ गोल्फ से जुड़े विशेषाधिकार भी दिए जाएंगे।
वहीं, ल्यूमिना कार्ड प्रीमियम ग्राहकों के लिए पेश किया गया है। इसमें अंतरराष्ट्रीय खर्च पर प्रीमियम रिवॉर्ड, होटल गिफ्ट वाउचर, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय लाउंज सुविधा, कंसीयर्ज सेवा, हवाई अड्डों पर विशेष सहायता और गोल्फ से जुड़े लाभ शामिल हैं।
बंधन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने कहा कि क्रेडिट कार्ड का लॉन्च सार्वभौमिक बैंक के रूप में बैंक की यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नया पोर्टफोलियो डिजिटल-प्रथम भारत की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें आवेदन से लेकर कार्ड सेवाओं तक सहज डिजिटल अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।
मास्टरकार्ड के भारत एवं दक्षिण एशिया अध्यक्ष गौतम अग्रवाल ने कहा कि भारत में क्रेडिट क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और डिजिटल भुगतान को अपनाने के साथ उपभोक्ताओं की अपेक्षाएं भी बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी बंधन बैंक की ग्राहक पहुंच को मास्टरकार्ड के वैश्विक नेटवर्क और क्षमताओं के साथ जोड़कर विविध उपभोक्ताओं के लिए नए भुगतान विकल्प उपलब्ध कराएगी।
ग्राहक इन क्रेडिट कार्डों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ ही नजदीकी बंधन बैंक शाखा में भी संपर्क कर सकते हैं। बैंक वर्तमान में देश के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 6,400 से अधिक बैंकिंग केंद्रों के माध्यम से 3.2 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं प्रदान कर रहा है।









