
देहरादून 8 सितंबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में तंजानिया स्थित अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही रियांश पंत और प्रिशा रावत ने भेंट की।
मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिचायक है। दोनों ने अपनी उपलब्धि से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है और उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों व युवाओं को बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी 9 वर्षीय रियांश पंत और नैनीताल जिले के बैलपड़ाव निवासी 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने 22 अगस्त 2026 को 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी का सफल आरोहण कर वहां तिरंगा फहराया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।










