बनबसा सीमा पर शहीद स्मारक और विशाल तिरंगे का लोकार्पण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बनबसा 01 अगस्त ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र बनबसा में नवनिर्मित सैनिक स्मारक एवं झंडा पार्क का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।

एसएसबी जवानों के बिगुल वादन के बीच मुख्यमंत्री और उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया। सीमांत क्षेत्र में स्थापित शहीद स्मारक और विशाल राष्ट्रध्वज के लोकार्पण को मुख्यमंत्री ने गौरव और सम्मान का क्षण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों को अब देश के अंतिम नहीं बल्कि पहले क्षेत्रों के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सैनिकों, उनके परिवारों के कल्याण और वीरों की स्मृतियों को संरक्षित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं स्वयं एक सैनिक का पुत्र हूं, इसलिए सैनिकों के सम्मान से जुड़े इस पावन कार्य में सहभागी बनना मेरे लिए अत्यंत भावुक और गर्व का क्षण है।” उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देश के वीर जवानों के त्याग, बलिदान और कठिन परिस्थितियों में राष्ट्र रक्षा के उनके संकल्प की प्रेरणा देता रहेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है और प्रदेश के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना या अर्धसैनिक बलों के माध्यम से देश की सुरक्षा में योगदान दे रहा है। यह स्मारक युवाओं को देश सेवा, त्याग और समर्पण के लिए निरंतर प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वीर नारियों और वीरता पदक विजेताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वीर नारी सरस्वती देवी, लक्ष्मी देवी, कमला देवी, खीमा देवी, माया चन्द, सरस्वती देवी, ललिता चन्द, गीता देवी और पिंकी रैसवाल सहित वीर माता लक्ष्मी देवी को सम्मानित किया गया। वहीं सेना मेडल से सम्मानित सूबेदार गोपाल दत्त शर्मा को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने वीर नारियों और भूतपूर्व सैनिकों से संवाद किया तथा एसएसबी जवानों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान सर्वोपरि है और सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान तथा कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त), एसएसबी कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम सहित अन्य अधिकारी, सेवानिवृत्त सैनिक और वीर माताएं उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें