राहुल गांधी पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 31 अगस्त ।उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक कार्यक्रम के बाद कथित रूप से आयोजित ‘शुद्धिकरण’ मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ भी तत्काल FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

अभिनव थापर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों के संघर्ष के बाद समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और सामाजिक एकजुटता की मजबूत नींव तैयार की है। ऐसे समय में जब समाज के विभिन्न वर्ग एकजुट होकर आगे बढ़ रहे हैं, खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ जैसी घटना समाज को बांटने वाली मानसिकता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में रोष है और ऐसे कृत्य करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। थापर ने आरोप लगाया कि कार्रवाई करने के बजाय दलितों, वंचितों और गरीबों की आवाज उठाने वाले राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज कर दी गई।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि हल्द्वानी के जिस थाने में राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, उसी थाने में इस मामले से संबंधित शिकायत 18 अगस्त से लंबित है, लेकिन उस पर अब तक कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसे दोहरा रवैया बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर कानूनी, लोकतांत्रिक और सड़क—तीनों स्तरों पर संघर्ष करेगी।

थापर ने मांग की कि राहुल गांधी पर दर्ज FIR तत्काल वापस ली जाए। साथ ही, रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ के माध्यम से उनका अपमान करने वालों के खिलाफ उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर FIR दर्ज की जाए।

उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें