वैश्विक रोजगार बाजार से जुड़ेंगे उत्तराखंड के युवा,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 31 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विदेशों की मांग के अनुरूप कौशल और भाषा प्रशिक्षण देने पर जोर दिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता और रोजगार की संभावनाओं का आकलन कर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने मुख्यमंत्री से भेंट की। बैठक में इन देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन देशों और क्षेत्रों में रोजगार की अधिक संभावनाएं हैं, वहां की आवश्यकताओं की जानकारी के लिए संबंधित भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय रखा जाए। युवाओं को विदेशी रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप आवश्यक कौशल के साथ भाषा प्रशिक्षण भी दिया जाए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में होम स्टे के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हुआ है। विदेशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराने के लिए उन्हें होम स्टे का भ्रमण कराया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस के क्षेत्र में राज्य की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए भी प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया।
बैठक में जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि वहां शिक्षा और कृषि सहित कई क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जाम्बिया में विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों से संबंधित विस्तृत जानकारी राज्य सरकार को उपलब्ध कराई जाएगी।
जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने कहा कि वहां पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की अनेक संभावनाएं हैं। विशेष रूप से नर्सिंग क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर युवाओं को इन अवसरों से जोड़ा जा सकता है।
वैश्विक रोजगार बाजार से जुड़ेंगे उत्तराखंड के युवा,वहीं, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम ने प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए। उन्होंने भारतीय मिशनों के साथ समन्वय बनाकर विदेशों में उपलब्ध रोजगार की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने के लिए सुनियोजित तरीके से काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें