
देहरादून 31 अगस्त। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के मसंदावाला में देर रात हुई भारी बारिश के बाद मलबा आने से प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों और आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को तत्काल राहत और सुरक्षा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने क्षेत्र में जमा मलबे को जल्द हटाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने भविष्य में भारी बारिश के दौरान तेज पानी के बहाव और मलबे से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पुल के नीचे ब्लॉक निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराने को भी कहा।
गणेश जोशी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा से हुए नुकसान का तहसील स्तर पर शीघ्र आकलन कराया जाए और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक जल्द उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शासन स्तर पर लंबित योजना की वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा और बचाव कार्य जल्द शुरू किए जा सकें।
मंत्री ने कहा कि आपदा की स्थिति में सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और प्रभावित परिवारों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनोद अवस्थी, रंजीता उनियाल, बिक्रम कंडारी, गिरीश उनियाल, नवीन उनियाल, परशुराम, मोहन ठाकुर, विनोद जोशी और प्रीति थापा सहित वन, सिंचाई एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।









