
हरिद्वार 30 अगस्त । खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर रविवार को जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत रिटेल स्टोरों, ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, डेरियों और किराना दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए, जबकि अनियमितताएं मिलने पर कई खाद्य कारोबारियों और कंपनियों को नोटिस जारी किए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने शिवालिक नगर स्थित रिटेल स्टोरों का निरीक्षण कर देशी घी, मैदा, साबुत काली मिर्च और पोहा के नमूने लिए। पोहा निर्माता कंपनी पंसारी इंडस्ट्रीज, नई दिल्ली को लेबल पर निर्माता कंपनी का नाम और पता अंकित नहीं करने, स्कैन कोड में गलत निर्माता का नाम दर्ज होने तथा स्वास्थ्य संबंधी दावों के कारण नोटिस जारी किया गया। वहीं, गुरुग्राम स्थित मैदा निर्माता कंपनी ग्रो मोर स्पाइसेज एंड पल्सेस को उत्पाद के लेबल पर एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं करने पर नोटिस दिया गया।
ज्वालापुर, आर्यनगर और रानीपुर मोड़ स्थित रिटेल स्टोरों के साथ ही ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो के वेयरहाउस का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कंपनी मौके पर फूड लाइसेंस और वेयरहाउस से संबंधित अनिवार्य दस्तावेज, जैसे कर्मचारियों के मेडिकल और पेस्ट कंट्रोल संबंधी रिकॉर्ड, प्रस्तुत नहीं कर सकी। कई खाद्य उत्पादों के लेबल पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि भी अपठनीय मिली। इस पर जेप्टो को मौके पर नोटिस जारी किया गया। यहां से खाद्य तेल, सूजी, जूस और तेल के कुल चार नमूने जांच के लिए लिए गए।
रुड़की के सिविल लाइंस क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय ने रिटेल स्टोरों और किराना दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य तेल, चायपत्ती और देशी घी के नमूने लिए। अनियमितताएं मिलने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया।
भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार ने रिटेल दुकानों का निरीक्षण किया। यहां बेसन, सूजी, नमकीन, बिस्कुट, चायपत्ती और खाद्य तेल के छह नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।
वहीं, झबरेड़ा और नारसन क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने रिटेल दुकानों और डेरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान मावा और देशी घी के दो नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, विशेष अभियान के तहत पूरे जनपद में कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों और कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






