SIR के दूसरे चरण में नोटिसों की सुनवाई शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 30 जुलाई ।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने गुरुवार को मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पहले चरण के पूरा होने के बाद प्रदेश के 71,33,785 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट के अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास भी उपलब्ध है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं की ओर से दी गई जानकारी में विसंगति पाई गई है या जिन्होंने अंतिम SIR मैपिंग संबंधी विवरण नहीं भरा है, उन्हें BLO के माध्यम से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नोटिस का जवाब देने के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में नोटिसों की सुनवाई के लिए AERO और ERO की निगरानी में बूथ स्तर पर BLO और अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। मैदानी क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथ या उसके निकट विशेष कैंप लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।डॉ. जोगदंडे ने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। वहीं 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिसों की सुनवाई और दावों-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। यदि कोई मतदाता ERO के निर्णय से संतुष्ट नहीं होता है तो वह दो सप्ताह के भीतर जिलाधिकारी कार्यालय में अपील कर सकता है। जिलाधिकारी के निर्णय के विरुद्ध मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भी अपील का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर BLO के माध्यम से ऑफलाइन या ECINet ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं फॉर्म-7 से नाम हटाने और फॉर्म-8 से नाम में संशोधन कराया जा सकता है। वर्तमान में फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के साथ एनेक्सचर-4 भरना अनिवार्य किया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें