
गदरपुर 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर बस स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ₹28.30 करोड़ (₹2,830.07 लाख) की आठ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने ₹6.94 करोड़ की तीन पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा ₹21.36 करोड़ की पांच नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में विकासखंड कार्यालय भवन, हरिचंद्र-गुरुचंद्र बंग विशाल सामुदायिक भवन और गदरपुर बस स्टेशन शामिल हैं। वहीं बाबा डल मंदिर से बौर जलाशय होते हुए गुलरभोज तक कंक्रीट सड़क समेत विभिन्न इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से गदरपुर और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। विकास का उद्देश्य केवल सड़क और भवन बनाना नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और समृद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार केवल शिलान्यास नहीं करती, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर उनका लोकार्पण भी सुनिश्चित करती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए बस स्टेशन में आधुनिक प्रतीक्षालय सहित यात्रियों की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं नए विकासखंड कार्यालय से ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल, बाढ़ सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई कार्य किए गए हैं। आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि बौर डैम डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा और विभिन्न गांवों में पेयजल योजनाओं पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य केवल मतदाता सूची का शुद्धिकरण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े कदम उठाकर जनहित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, विधायक शिव अरोरा सहित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने गदरपुर विधायक के अनुरोध पर चीनी मिल कर्मियों को सातवां वेतनमान दिलाने के लिए समाधान निकालने तथा गुलरभोज पर्यटन क्षेत्र में जिप्सी परमिट व्यवस्था और गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ रुद्रपुर रिंग रोड का निरीक्षण भी किया।







