देहरादून में होगा आर्यिका पूर्णमति माताजी का चातुर्मास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 31 जुलाई। देवभूमि उत्तराखंड के जैन समाज के लिए इस वर्ष विशेष धार्मिक अवसर लेकर आ रहा है। आचार्य विद्यासागर जी महामुनिराज एवं आचार्य समयसागर जी महाराज की प्रत्यक्ष शिष्या आर्यिका 105 पूर्णमति माताजी का वर्ष 2026 का चातुर्मास देहरादून में आयोजित होगा। इसके संबंध में गांधी रोड स्थित जैन भवन में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

मीडिया समन्वयक मधु जैन ने बताया कि चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज में संयम, साधना और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देगा।
आर्यिका पूर्णमति माताजी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि चातुर्मास आत्मशुद्धि, संयम और साधना का महापर्व है। उन्होंने कहा कि चातुर्मास में सहभागिता से लोगों को इसकी वास्तविक महत्ता, स्थापना दिवस, दीक्षा दिवस और जैन धर्म की आध्यात्मिक परंपराओं को निकट से समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने समाज से अधिक से अधिक धर्मार्जन, आत्मकल्याण और आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन का प्रत्येक क्षण अमूल्य है और उसे धर्म एवं साधना के लिए समर्पित करना चाहिए।
चातुर्मास समिति के चेयरमैन राजीव जैन ने बताया कि 2 अगस्त को मंगल कलश स्थापना के साथ चातुर्मास का शुभारंभ होगा। इसके बाद 16, 17 और 18 अगस्त को दीक्षा दिवस सहित कई विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रेस वार्ता में जैन समाज के पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें