उत्तराखंड के उच्च शिक्षण संस्थानों में शुरू हुई ‘एआई-फॉर-ऑल’ पहल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को उत्तराखंड के उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए ‘एआई-फॉर-ऑल’ पहल का शुभारंभ किया। यह पहल दून यूनिवर्सिटी, आईआईटी मद्रास, प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन और भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल ‘स्वयं प्लस’ के सहयोग से संचालित की जाएगी।

लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आईआईटी मद्रास के निदेशक पद्मश्री प्रो. वी. कामाकोटी और दून यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने इस सहयोग के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए। राज्यपाल ने कहा कि शुरुआती चरण में उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कई रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें एआई एवं मशीन लर्निंग (पायथन), एआई इन फिजिक्स, एआई इन अकाउंटिंग, एआई इन केमिस्ट्री, एआई फॉर एजुकेटर्स और एआई फॉर एस्पायरिंग इंजीनियर्स जैसे कोर्स शामिल हैं।
राज्यपाल ने कहा कि दून यूनिवर्सिटी को इस पहल का राज्य स्तरीय नोडल संस्थान बनाया गया है, जिससे प्रदेश के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।
आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामाकोटी ने बताया कि ‘स्वयं प्लस’ शिक्षा मंत्रालय की पहल है, जिसे आईआईटी मद्रास पूरे देश में लागू कर रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाले और रोजगारोन्मुखी कौशल आधारित पाठ्यक्रम उपलब्ध कराना है।दून यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय, श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, सीएसआईआर-आईआईपी, स्वयं प्लस और आईआईटी मद्रास-प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षाविद मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें