नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अबू धाबी के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) ने अबू धाबी के लिए पहली निर्धारित उड़ान के साथ अंतरराष्ट्रीय परिचालन शुरू कर दिया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस 15 जुलाई से नवी मुंबई और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी के बीच सप्ताह में तीन दिन सीधी उड़ान संचालित करेगी।

अदानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को घरेलू उड़ानें शुरू होने के महज 200 दिनों के भीतर एयरपोर्ट ने अंतरराष्ट्रीय सेवाओं की शुरुआत कर दी है। इसके साथ ही एएएचएल के सभी एयरपोर्ट अब अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ गए हैं।
कंपनी के अनुसार, सात महीने से भी कम समय में एनएमआईए ने देश के 46 शहरों तक अपना नेटवर्क बनाया है और 23 लाख से अधिक यात्रियों को सेवाएं दी हैं। वर्तमान में एयरपोर्ट पर प्रतिदिन करीब 150 एयर ट्रैफिक मूवमेंट (एटीएम) हो रहे हैं।
एएएचएल के सीईओ अरुण बंसल ने कहा कि पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान एयरपोर्ट के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और भविष्य में अधिक एयरलाइंस व नए अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ने की दिशा में काम जारी रहेगा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने कहा कि नवी मुंबई से अबू धाबी की सीधी उड़ान मुंबई महानगर क्षेत्र के यात्रियों को यूएई के लिए एक नया और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराएगी। यह एयरलाइन की दो-एयरपोर्ट रणनीति का भी अहम हिस्सा है।पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान के साथ एनएमआईए से पहला वैश्विक पैरिशेबल निर्यात कार्गो शिपमेंट भी भेजा गया, जिससे एयरपोर्ट उच्च-मूल्य और समय-संवेदनशील निर्यात के नए केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में और अंतरराष्ट्रीय मार्ग शुरू किए जाएंगे, जिससे व्यापार, पर्यटन और वैश्विक कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें