20वें दिन भी जारी रहा बेरोजगार लैब तकनीशियनों का धरना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 7 जून। मेडिकल लैब टैक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले एकता विहार स्थित धरना स्थल पर डिग्रीधारी बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 20वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने सरकार पर लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

संघ के महासचिव मयंक राणा और संगठन मंत्री अनुराग पंत ने बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री से वार्ता का समय मांगा जाएगा, ताकि उन्हें लैब तकनीशियनों की समस्याओं से अवगत कराया जा सके। उनका कहना है कि राज्य गठन के 26 वर्षों बाद भी सरकार ने मेडिकल लैब तकनीशियनों के लिए कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई है, जिसके कारण हजारों डिग्रीधारी युवा बेरोजगार हैं।
उन्होंने कहा कि 26 वर्षों से सेवा नियमावली नहीं बनाए जाने के कारण न तो पदों का सृजन हो पाया और न ही डिग्रीधारी लैब तकनीशियनों के लिए नियमित भर्तियां निकाली गईं। वर्षों से उपेक्षित लैब तकनीशियन अब अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री स्तर पर भी उनकी समस्याओं का संज्ञान नहीं लिया गया तो जल्द मुख्यमंत्री आवास घेराव किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि उनकी चार प्रमुख मांगें—मानकों के अनुसार पदों का सृजन, वर्षवार मेरिट के आधार पर सेवा नियमावली का निर्माण, आयु सीमा में एकमुश्त छूट तथा सरकारी प्रयोगशालाओं के निजीकरण पर रोक—पूरी होने तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर संघ के अध्यक्ष आशीष चंद्र, महासचिव मयंक राणा, उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट, संगठन मंत्री अनुराग पंत, कोषाध्यक्ष देवेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियन मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने सरकार से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की।

Leave a Comment

और पढ़ें