आईईईई डब्ल्यूआईटी स्टूडेंट ब्रांच की वार्षिक आम सभा संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 7 जून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित महिला प्रौद्योगिकी संस्थान (डब्ल्यूआईटी) की आईईईई स्टूडेंट ब्रांच की वार्षिक आम सभा (एजीएम)-2026 का आयोजन शनिवार को देहरादून के होटल टोन्स फूड प्लाजा एंड रेस्टोरेंट में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्टूडेंट ब्रांच के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैठक की शुरुआत वर्ष 2025 के पदाधिकारियों द्वारा अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करने के साथ हुई। सर्वप्रथम वर्ष 2025 की चेयर निशा बिष्ट ने अपने अनुभव बताए। इसके बाद डब्ल्यूआईई एफिनिटी ग्रुप की चेयर आध्या गुप्ता, वाइस चेयर अदिति चंद, कोषाध्यक्ष शिवानी धोनी तथा सचिव आर्ची अग्रवाल ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।

ब्रांच काउंसलर के.सी. मिश्रा ने सभी पूर्व पदाधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की। सर्वसम्मति से आर्ची अग्रवाल को स्टूडेंट ब्रांच की चेयर, वैष्णवी नेगी को वाइस चेयर, यथी पचौरी को कोषाध्यक्ष, अदिति सिंह को सचिव, तनीषा पंत को वेबमास्टर तथा स्निग्धा असवाल को डब्ल्यूआईई एफिनिटी ग्रुप का चेयर चुना गया।

इस अवसर पर पूर्व पदाधिकारियों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया। बैठक में प्रबजोत कौर, प्रियांशी जोशी, अनन्या दीक्षित, शिवानी कठैत, भूमिका बुधलाकोटी, दिव्यांशी श्रेष्ठा और स्नेहा धामी सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ब्रांच काउंसलर द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक में आईईईई स्टूडेंट ब्रांच के कुल 41 सदस्यों ने सहभागिता की।

सामूहिक भोज के उपरांत बैठक के समापन की औपचारिक घोषणा की गई। कार्यक्रम का संचालन निशा बिष्ट एवं वैष्णवी नेगी ने किया। अंत में ब्रांच काउंसलर के.सी. मिश्रा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

और पढ़ें