उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग में खत्म होंगे सभी अटैचमेंट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 6 जून। प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सभी प्रकार की सम्बद्धताओं (अटैचमेंट) को समाप्त किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न संस्थानों और विभागों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत कार्मिकों की भी मूल तैनाती स्थलों पर वापसी सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि वर्तमान में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी अपने मूल तैनाती स्थलों के बजाय अन्य महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और विभागों में सम्बद्ध अथवा प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। इससे महाविद्यालयों और पॉलीटेक्निक संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालयी शिक्षा विभाग की तर्ज पर अब उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में भी अटैचमेंट व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी सम्बद्धताओं को समाप्त कर संबंधित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके मूल तैनाती स्थलों पर भेजा जाए।
डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सभी शिक्षण संस्थानों में मानव संसाधनों का संतुलित और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके और संस्थानों की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बन सके।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति पर गए कार्मिकों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार उन्हें शीघ्र मूल तैनाती स्थलों पर वापस भेजने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। सरकार का मानना है कि इस कदम से उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें