
देहरादून, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जनपद के अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने उपस्थित पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास हरियाली बढ़ाने के लिए सक्रिय योगदान देना चाहिए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
दून पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।









