विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर राइका सिप्टी में जागरूकता अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंपावत। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज सिप्टी में प्रधानाचार्य सामश्रवा आर्य के नेतृत्व तथा वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. एम.पी. जोशी के संचालन में पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर “नशा हटाओ-जीवन बचाओ” अभियान के अंतर्गत शराब और मांस का पूर्ण परित्याग कर स्वयं तथा अपने परिवार को इन सामाजिक बुराइयों से दूर रखने वाले सिप्टी क्षेत्र के कोयाटी-सैंदर्क निवासी इंद्र सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अभियान के संयोजक एवं प्रवक्ता सामश्रवा आर्य ने उन्हें प्रमाण पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम में जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल प्रभारी ममता मिश्रा तथा प्रोग्राम मैनेजर प्रेम वल्लभ भट्ट की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
प्रधानाचार्य सामश्रवा आर्य ने कहा कि इस प्रकार की सामाजिक एवं जनजागरूकता पहल युवाओं को नशे तथा अन्य व्यसनों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Leave a Comment

और पढ़ें