
देहरादून, 30 मई। मेडिकल लैब टैक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले एकता विहार स्थित धरना स्थल पर बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को बारहवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत तकनीशियन प्रदेश में नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और लंबित मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं।
धरना स्थल पर पहुंचे उत्तराखण्ड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि लैब तकनीशियनों की मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण को बढ़ावा देकर प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं के अधिकारों की उपेक्षा कर रही है।
बॉबी पंवार ने कहा कि फ्री डायग्नोस्टिक सेवा के नाम पर निजी कंपनियों को कार्य सौंपना प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने निजी लैबों की जांच सेवाओं की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही साक्ष्यों के साथ बड़ा खुलासा किया जाएगा।धरनारत लैब तकनीशियनों ने सरकार से आईपीएचएस मानकों के अनुरूप वर्षवार नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने तथा उनकी लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग दोहराई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान मयंक राणा, सलोनी वशिष्ठ, मुकेश सजवान, आशीष चंद्र, रणबीर बिष्ट, सोहन रावत, शैलेष जगूड़ी, संदीप रावत, संदीप नौटियाल, हेमंत नौटियाल, लोकेंद्र भट्ट, अनूप रावत, अभिषेक सोलंकी, दीपक जोशी, शैलेंद्र अवस्थी सहित बड़ी संख्या में मेडिकल लैब तकनीशियन धरना स्थल पर मौजूद रहे।








