गंगा अवतरण दिवस पर मेधावियों का किया सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 27 मई।लक्ष्य अवार्ड 2026 के तहत गंगा दशहरा एवं गंगा अवतरण दिवस के पावन अवसर पर टिहरी गढ़वाल के घनसाली क्षेत्र स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर की दिव्य गंगा घाटी, पट्टी ग्यारहगांव हिन्दावो में बाबा विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा के 27वें धार्मिक आयोजन के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चंद्रमा प्रोडक्शन द्वारा भव्य रूप से संपन्न कराया गया, जिसमें शिक्षा, संस्कृति और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समारोह में क्षेत्र के 11 विद्यालयों के कुल 67 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान आयोजित गीता प्रतियोगिता में 6 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जबकि टीम गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में 6 टीमों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कक्षा 1 से 5 तथा कक्षा 6 से 12 तक आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, वाटर बॉटल, लंच बॉक्स, ट्रॉफी, मेडल, नकद पुरस्कार, शैक्षणिक सामग्री, कंप्यूटर एवं लैपटॉप जैसे आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में बाबा विश्वनाथ समिति के 20 सदस्यों, 14 विशिष्ट अतिथियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखण्ड सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी उपस्थित रहे। इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी सुमेर सिंह कैंतुरा एवं श्री जोशी जी को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक संध्या में लोकगायिका रेखा रावत, जोत सिंह कृपाली, विजयालक्ष्मी रतूड़ी, वह्नि डांस ग्रुप (अंबिका उनियाल टीम) एवं टीम जय जय मां ऊफरांई ने शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ जगदीशिला डोली के दिव्य दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम में डॉ. आर. बी. सिंह, श्री कुंवर सिंह नेगी एवं श्रीमती लक्ष्मी नेगी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। चंद्रमा प्रोडक्शन के संस्थापक बचन सिंह रावत ने बताया कि यह आयोजन उनकी माताजी की पावन स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है और भविष्य में भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के अनुशासन, उत्साह और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment

और पढ़ें