
टिहरी गढ़वाल 27 मई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा में “गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026” के द्वितीय संस्करण का दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्राचीन घंटाकर्ण महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने गजा क्षेत्र के समग्र विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही नगर पंचायत गजा क्षेत्र में आंतरिक मार्गों के निर्माण, गजा मैदान के विस्तारीकरण एवं मंच निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति देने की घोषणा करते हुए पर्यटन विकास के लिए कोटेश्वर झील के विकास तथा डांडाचली में इको पार्क निर्माण का ऐलान किया। वहीं पावकी देवी एवं चमराड़ा देवी (भरपूर) मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्य भी कराए जाएंगे।
क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गांव मोटर मार्ग तथा रणाकोट डांडा जमोला मोटर मार्ग की स्वीकृति की घोषणा की गई। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत चाका महिला अस्पताल को पीएचसी में परिवर्तित कर उच्चीकृत करने तथा सामुदायिक भवन के सुदृढ़ीकरण की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली एवं पजै गांव को इंटर स्तर तक उच्चीकृत करने तथा नरेंद्रनगर महाविद्यालय को पीजी स्तर पर विकसित किए जाने की घोषणा की। साथ ही गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालयों की स्थापना की घोषणा भी की गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि हेंवल नदी में झील निर्माण एवं गजा बगीद में 33 केवी सब स्टेशन की स्थापना से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गजा महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक विरासत एवं परंपराओं को संरक्षित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, लोकगीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की गई। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







