पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए रोजगार मेला, चयनित युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून | 14 मई 2026 ।
देहरादून के सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
सैनिक कल्याण विभाग और आईटीडीए के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोजगार मेले में 21 निजी कंपनियों ने भाग लिया। यह मेला विशेष रूप से उन पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए आयोजित किया गया था, जिन्होंने कम्प्यूटर और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया है।कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह रोजगार मेला केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड “देवभूमि” के साथ-साथ “वीरभूमि” भी है, जहां हर परिवार देशभक्ति और त्याग की भावना से जुड़ा है।उन्होंने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि सरकार का दायित्व है कि उनके आश्रितों को शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से सशक्त बनाया जाए।मंत्री ने जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों में सैनिक कल्याण विभाग और आईटीडीए के माध्यम से 628 पूर्व सैनिक आश्रितों को कम्प्यूटर एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 227 युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 में आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से 22 युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध कराया गया ।
मंत्री जोशी ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्किल इंडिया” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के विज़न को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक ऊर्जा चुनौतियों का उल्लेख करते हुए पेट्रोल-डीजल की बचत और ऊर्जा संरक्षण पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह, उप निदेशक कर्नल वीपी भट्ट, विंग कमांडर निधि बधानी और आईटीडीए के अपर निदेशक तीरथ पाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें