
देहरादून 14 भी । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंत विहार क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जिन्हें वह छात्रों और स्थानीय नशेड़ियों को बेचने की फिराक में था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हरबंसवाला तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके पास से 960 कैप्सूल एसिटामिनोफेन, ट्रामाडोल एचसीएल एवं डाइसाइक्लोमाइन एचसीएल के और 975 प्रतिबंधित एलप्रराजोल गोलियां बरामद हुईं।गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद (44) पुत्र खुर्शीद, निवासी ब्रह्मपुरी, थाना पटेलनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह ये नशीली दवाएं एक अन्य व्यक्ति से खरीदकर लाया था और इन्हें शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और स्थानीय नशेड़ियों को महंगे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसंत विहार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
नशा तस्कर को पकड़ने वाली टीम में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक मुकेश त्यागी, उपनिरीक्षक मुकेश नेगी, उपनिरीक्षक देवेंद्र गुप्ता, कांस्टेबल विक्रम और कांस्टेबल सुधीर नौटियाल शामिल रहे।









