सुलह का संकल्प-न्याय का विकल्प’ के तहत सुप्रीम कोर्ट में लगेगी विशेष लोक अदालत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। लंबित मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट में 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत “समाधान समारोह” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन “सुलह का संकल्प-न्याय का विकल्प” थीम पर आधारित होगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट सीमा डुंगराकोटी ने जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयोजित इस विशेष लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में सुप्रीम कोर्ट में लंबित दीवानी एवं वैवाहिक वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, चेक अनादरण (चेक बाउंस) मामले, भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवाद, श्रम विवाद सहित विभिन्न आपराधिक मामलों का समाधान सुलह के जरिए किया जाएगा।
सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि “समाधान समारोह” के माध्यम से वादकारियों को लंबी और जटिल न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलेगी। कम समय और न्यूनतम खर्च में मामलों का अंतिम निपटारा संभव होगा। साथ ही, आपसी सहमति को प्राथमिकता देकर न्याय प्रक्रिया को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने बताया कि जिन वादकारियों के मामले सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून से संपर्क कर अपने प्रकरणों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और इस लोक अदालत का लाभ उठा सकते हैं।इस आयोजन में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, सुप्रीम कोर्ट विधिक सेवा समिति, उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून सहयोगी संस्थाओं के रूप में कार्य कर रहे हैं।
समाधान समारोह-2026 का उद्देश्य न्याय को आमजन तक सहज रूप में पहुंचाना और सहमति आधारित न्याय व्यवस्था को बढ़ावा देना है

Leave a Comment

और पढ़ें