
बनबसा (चम्पावत), 22 मार्च। मां पूर्णागिरी मेला क्षेत्र के कैनाल गेट, बनबसा में सीमान्त सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरा है। 19 मार्च 2026 को एनएचपीसी के जीएम ऋषि रंजन द्वारा उद्घाटित इस शिविर में मात्र चार दिनों के भीतर 2905 मरीजों का उपचार किया जा चुका है।
शिविर के संयोजक ललित सिंह कुंवर ने बताया कि मां पूर्णागिरी धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी इस शिविर का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविर 29 मार्च तक लगातार संचालित रहेगा और प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों को निःशुल्क सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।शिविर की विशेषता यह है कि यहां अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। परिसर में 8 बेड का अस्थायी अस्पताल स्थापित किया गया है, जिसमें 2 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, नेबुलाइज़र मशीन और आधुनिक जांच उपकरण उपलब्ध हैं। इसके साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से मौके पर ही पैथोलॉजी लैब, ईसीजी और एक्स-रे जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं। मरीजों को सभी प्रकार के इंजेक्शन, आईवी ड्रिप, निःशुल्क दवाइयां तथा नेत्र जांच के बाद जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे वितरित किए जा रहे हैं।चार दिनों के आंकड़ों के अनुसार 185 लोगों की शुगर जांच, 1400 लोगों का ब्लड प्रेशर परीक्षण, 45 मरीजों की ड्रेसिंग और 71 इंजेक्शन लगाए गए हैं। इसके अलावा 3 मरीजों के ईसीजी किए गए, 2 मरीजों को फ्लूइड चढ़ाया गया तथा 44 लोगों के रक्त परीक्षण किए गए। नेत्र सेवाओं के अंतर्गत 942 लोगों की जांच कर 590 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।शिविर में स्थानीय युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिल रही है, जो सेवा कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शिविर के दौरान बेहोशी, अत्यधिक कमजोरी, मिर्गी के दौरे और जलने जैसे गंभीर मामलों का भी मौके पर उपचार किया गया, जिससे मरीजों को त्वरित राहत मिल सकी।
- इस सेवा कार्य को सफल बनाने में विभिन्न चिकित्सा टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम में डॉ. राज श्रीवास्तव, आनंद मल्ल (लैब टेक्नीशियन), सपना मल्ल (नर्स), सिमरन चंद, किशोर जोशी और रघुनाथ सिंह रावत शामिल रहे। वहीं एसआरएमएस बरेली की टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई, जिसमें पहले तीन दिनों में डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. रमांश गुप्ता, डॉ. शुभम गुप्ता और फार्मासिस्ट बृजेश ने सेवाएं दीं, जबकि अगले तीन दिनों के लिए डॉ. रोशन तरुण, डॉ. नीलेश सिंह, डॉ. वेदांत अग्रवाल और फार्मासिस्ट देवेंद्र अपनी सेवाएं दे रहे हैं।सीमान्त सेवा फाउंडेशन की ओर से फार्मासिस्ट संकेट राज के साथ सीमांत अस्पताल की टीम के सदस्य पंकज पंत, जय सोनी, अमित पटेल, अमित पांडे और आशीष बोहरा भी निरंतर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।निःशुल्क और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के इस प्रयास को श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों द्वारा सराहा जा रहा है। क्षेत्र में इस पहल को लेकर सकारात्मक माहौल है और भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यों की निरंतरता की उम्मीद जताई जा रही है।









