
खटीमा उधमसिंह नगर 13 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने छोलिया एवं थारू सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों तथा पुष्पमालाओं के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में भारत ने विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याण को केंद्र में रखकर अनेक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय लिए गए हैं, जिनका लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान ने बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा को नई दिशा दी है। वहीं स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया तथा करोड़ों परिवारों को शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, जबकि हर घर जल योजना से दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक है, जिसके माध्यम से पात्र नागरिकों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड में भी हजारों परिवार इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने न केवल स्वदेशी वैक्सीन विकसित की, बल्कि करोड़ों लोगों को निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई। साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जरूरतमंदों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके तहत नकल माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए कई लोगों को जेल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दे चुकी है। सरकार का लक्ष्य विकास की गति को तेज करते हुए योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बग्घा चौवन क्षेत्र में भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री रंजीत सिंह नामधारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।







