छात्रों को सिखाए मानसिक स्वास्थ्य और स्मरण शक्ति बढ़ाने के गुर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 13 जून। मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संस्था फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसाइटी की ओर से श्री श्रद्धानन्द बाल वनिता आश्रम, तिलक रोड, देहरादून में छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं बचाव विषय पर निःशुल्क कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में प्रख्यात मनोवैज्ञानिक एवं समाजसेवी डॉ. पवन शर्मा (द साइकेडेलिक) ने छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वस्थ मन ही बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने छात्र जीवन में तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बढ़ाने के प्रभावी उपाय साझा किए।डॉ. शर्मा ने पढ़ाई में मानवीय कल्पनाशीलता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कई रोचक प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने की नई तकनीकों से परिचित कराया। उन्होंने पाठ्यक्रम को लंबे समय तक याद रखने के व्यावहारिक तरीके और मानसिक व्यायाम भी सिखाए, जिससे विद्यार्थियों की एकाग्रता और स्मरण शक्ति को बढ़ाने में मदद मिल सके।कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने मानसिक स्वास्थ्य, पढ़ाई और व्यक्तिगत चुनौतियों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. शर्मा ने सरल और प्रभावी ढंग से समाधान किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया।इस अवसर पर पुलकित, द्युति, मनन और नीर ने भी कार्यशाला के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया। संस्था की ओर से भविष्य में भी छात्रों के सर्वांगीण विकास और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई।

Leave a Comment

और पढ़ें