
देहरादून 23 मार्च।चैत्र नवरात्र के पंचम दिवस पर दीपलोक कॉलोनी स्थित श्रीराम मंदिर में “माँ शक्ति आराधना संध्या महोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्मकमल शक्ति संस्था की ओर से चैत्र नवरात्र और हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ स्कंदमाता की आराधना की।
महोत्सव के दौरान भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से माँ दुर्गा के पंचम स्वरूप माँ स्कंदमाता की स्तुति की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर संस्था की ओर से मातृशक्ति को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।ब्रह्मकमल शक्ति संस्था के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि नवरात्र के पांचवें दिन पूजित माँ स्कंदमाता मातृत्व, करुणा और संरक्षण का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा चैत्र नवरात्र के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में “माँ शक्ति आराधना संध्या महोत्सव” का आयोजन लगातार किया जा रहा है, जिससे मातृशक्ति के सम्मान और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिले।कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद संगीता गुप्ता, श्रीराम मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, प्रचार मंत्री सुशील बग्गा, संरक्षक नारायण दास अरोड़ा, चंद्रप्रभा मनचंदा, सुदेश आहूजा, कोषाध्यक्ष सुनील गोयल, सचिव सुनील शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।इस दौरान संस्था की ओर से मंदिर की कीर्तन मंडलियों और आयोजन समिति से जुड़े सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए माँ शक्ति से सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण कीकामना की।








