
देहरादून, 20 मार्च 2026। जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्रवार क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित कर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
क्यूआरटी टीमों ने शुक्रवार को विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण करते हुए एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने और अनियमितताओं पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से संबंधित कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। कंट्रोल रूम में तैनात जिला खाद्य पूर्ति विभाग की टीम इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में शुक्रवार को लगभग 24,459 घरेलू उपभोक्ताओं और 269 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का करीब 93 हजार का बैकलॉग बना हुआ है, जबकि घरेलू श्रेणी में 36,743 और व्यावसायिक श्रेणी में 1,592 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।बैकलॉग का मुख्य कारण हाल के दिनों में बुकिंग सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी समस्या को बताया गया है। तीन दिनों तक सिस्टम बाधित रहने के कारण मैन्युअल रजिस्टर के माध्यम से गैस वितरण किया गया, जिसकी लगभग 25 हजार से अधिक एंट्रियां अब सॉफ्टवेयर में अपडेट की जा रही हैं।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू के साथ-साथ व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि जल्द से जल्द बैकलॉग समाप्त कर उपभोक्ताओं को राहत दी जा सके।








