चम्पावत में होली पर विकास की सौगात, कीमतौली–रौसाल सड़क के लिए ₹12 करोड़ स्वीकृत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चम्पावत, 03 मार्च । जनपद चम्पावत को होली के पावन अवसर पर बड़ी विकास सौगात मिली है। पुष्कर सिंह धामी ने 20 किलोमीटर लंबी कीमतौली–रौसाल सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु ₹12 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
यह सड़क लगभग 20 गांवों को आपस में जोड़ती है, जिससे क्षेत्र की करीब 10 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य व बाजार तक पहुंच बेहतर बनेगी। साथ ही, क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि इस सड़क के डामरीकरण की मांग क्षेत्रीय जनता लंबे समय से कर रही थी। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाया था।
जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा प्रस्ताव शासन को त्वरित रूप से प्रेषित किया गया। जिस पर शीघ्र निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण कार्य के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर क्षेत्रवासियों को होली का तोहफा दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें