एलयूसीसी चिटफंड घोटाले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड समेत पांच गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून/नई दिल्ली, 13 मई 2026। सीबीआई ने उत्तराखंड के बहुचर्चित एलयूसीसी चिटफंड घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड समेत पांच आरोपियों को देश के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुशील गोखरू, राजेंद्र सिंह बिष्ट, तरुण कुमार मौर्य, गौरव रोहिल्ला और ममता भंडारी शामिल हैं।

यह मामला लोनी शहरी बहु राज्यी ऋण एवं बचत सहकारी समिति से जुड़ा है। जिसमें बड़े पैमाने पर लोगों को अनियमित जमा योजनाओं में निवेश के नाम पर ठगा गया। इससे पहले उत्तराखंड उच्च न्यायालय की नैनीताल खंडपीठ ने वर्ष 2025 में इस घोटाले से संबंधित सभी एफआईआर सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए थे, जिसके बाद एजेंसी ने 26 नवंबर 2025 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया है कि राज्य में एक लाख से अधिक निवेशकों को झांसा देकर करीब 800 करोड़ रुपये जमा कराए गए। हालांकि कुछ आंशिक भुगतान किया गया, लेकिन कुल घोटाले की रकम 400 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सीबीआई के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी समीर अग्रवाल है, जो अपनी पत्नी सानिया अग्रवाल के साथ विदेश फरार है। दोनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस और सर्कुलर जारी किए गए हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने घोटाले की रकम से कई अचल संपत्तियां खरीदीं। इन संपत्तियों का ब्योरा राज्य सरकार को सौंपते हुए उन्हें फ्रीज करने और पीड़ितों को राहत दिलाने की कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया गया है।
सीबीआई की विशेष टीम तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एजेंसी ने साफ किया है कि मामले की जांच तेज गति से जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें