
देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की सचिव एवं सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) सीमा डूंगरकोटी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट आफ इंडिया में 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को “समाधान समारोह” के अंतर्गत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस विशेष लोक अदालत में उच्चतम न्यायालय में लंबित विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सुलह और राजीनामे के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इनमें फौजदारी मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, चेक बाउंस, बैंक ऋण एवं वसूली, दीवानी एवं वैवाहिक वाद, बीमा दावे, सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़े मामले, शैक्षणिक एवं सेवा संबंधी प्रकरण सहित अन्य वाद शामिल हैं।
सीमा डुंगरकोटी ने कहा कि जिन वादकारियों के मामले उच्चतम न्यायालय में लंबित हैं और जो शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान चाहते हैं, वे 20 अगस्त 2026 तक अपने मामलों को आवश्यक रूप से सूचीबद्ध करा लें।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देहरादून जनपद से संबंधित उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकारों को नोटिस भेजकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्री-मीटिंग एवं सुलह वार्ता के लिए बुलाया जा रहा है। वार्ता सफल होने पर संबंधित मामलों को विशेष लोक अदालत में निस्तारित कराने की प्रक्रिया प्राधिकरण के सहयोग से पूरी की जाएगी।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी वादकारियों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क करें। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0135-2520873 एवं ई-मेल dehradundlsa13@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।








