अमित शाह के प्रस्तावित हरिद्वार दौरे की तैयारियों का मुख्यमंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून/हरिद्वार, 03 मार्च । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च 2026 को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी तैयारियों की गहन समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाओं एवं अग्निशमन व्यवस्था को पूर्ण रूप से तत्पर रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु पुलिस को विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा, ताकि शहर में किसी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजनमानस को असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक प्रदीप बत्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे ।

Leave a Comment

और पढ़ें