-
देहरादून, 10 फरवरी 2026। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शुमार पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने अपने द्वारका स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में ‘पीएनबी सोल्जरथॉन 2026’ की औपचारिक घोषणा की। यह आयोजन बैंक के 132वें स्थापना दिवस समारोहों की शुरुआत का प्रतीक है। पीएनबी की इस प्रतिष्ठित मैराथन का यह दूसरा संस्करण है, जिसे इस वर्ष ‘सोल्जरथॉन’ थीम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान के साथ फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देना है।
प्री-लॉन्च समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मेजर डॉ. सुरेंद्र पूनिया (वीएसएम), लिम्का बुक रिकॉर्ड होल्डर एवं भारतीय सेना के पूर्व स्पेशल फोर्सेस अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बैंक के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र, कार्यपालक निदेशकगण, वरिष्ठ अधिकारी, सशस्त्र बलों एवं पूर्व सैनिक समुदाय के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में मैराथन धावक मौजूद थे।
“पीएनबी सोल्जरथॉन 2026 – सैनिकों के साथ दौड़, सैनिकों के लिए दौड़” को एक देशव्यापी जन-आंदोलन के रूप में परिकल्पित किया गया है। इसका उद्देश्य सैनिकों, पूर्व सैनिकों, युवाओं, नागरिकों और फिटनेस प्रेमियों को एक मंच पर लाकर सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य को सुदृढ़ करना है।
प्री-लॉन्च कार्यक्रम के दौरान सोल्जरथॉन 2026 के आधिकारिक नाम, थीम, टी-शर्ट और मेडल का अनावरण किया गया। साथ ही ‘पीएनबी हाफ मैराथन 2025’ की प्रमुख झलकियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसने बैंक की फिटनेस पहलों के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित किया।
एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि 5 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली यह हाफ मैराथन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को समर्पित है और सशस्त्र बलों के प्रति श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय द्वारा स्थापित पीएनबी हमेशा राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्ध रहा है और इस वर्ष का स्थापना दिवस देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को समर्पित किया जा रहा है। यह पहल पूरे भारत में फिटनेस, बेहतर स्वास्थ्य और मजबूत खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। उन्होंने नागरिकों, खिलाड़ियों और पीएनबी परिवार से इस अभियान को एक प्रभावशाली आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि मेजर डॉ. सुरेंद्र पूनिया ने पीएनबी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सोल्जरथॉन जैसी पहल राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने, फिटनेस को बढ़ावा देने और नागरिक-सैन्य संबंधों को गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
Author: Day Night Khabar
Post Views: 22







