
देहरादून, 21 जनवरी 2026।
दुर्गा मंदिर, बल्लूपुर में बुधवार को कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर के नेतृत्व में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सर्दी के मौसम को देखते हुए सामाजिक सरोकार के तहत कार्यक्रम में 200 से अधिक महिलाओं को कंबल वितरित कर सम्मानित किया गया। आयोजन में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर सुख-दुख में आमजन के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि कैन्ट विधानसभा क्षेत्र में पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से भाजपा का शासन रहा है, इसके बावजूद आज भी आम लोगों को मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस जनता को बदलाव का वास्तविक विकल्प देगी और जनसमस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
महिला सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित मातृशक्ति ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए अभिनव थापर और उनके सहयोगियों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का माहौल आत्मीय, भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा।
इस अवसर पर अजीत यादव, रमेश ठाकुर, देवेंद्र यादव, नितिन, सुनीता, सुजाता यादव, आरती सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







